रवि करण साहू, राष्ट्रीय तेली साहू महा संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष, मोदी से मुलाकात के लिए पहुंचे
16 March 2023 Sahu Teli Samaj 85 views
भोपाल। राष्ट्रीय तेली साहू महा संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष और साहू राठौर जन जागृति रथ यात्रा के संयोजक रवि करण साहू वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रख्यात पत्रकार मोहनलाल मोदी से मिलने शब्दघोष कार्यालय पहुंचे। उल्लेखनीय है कि रवि करण साहू द्वारा मध्यप्रदेश में सर्व तेली समाज के बीच और अधिक सद्भाव स्थापित करने तथा इस समाज में व्याप्त सभी उप जातियों को न्याय दिलाने के लिए जन जागृति रथ यात्रा निकाली जा रही है। इसी सिलसिले में उनका साहू राठौर मोदी गुप्ता जयसवाल घांची सहित तेली समाज की विभिन्न उप जातियों के नेताओं से मेल मिलाप के लिए भोपाल आगमन हुआ । इसी दरमियान आप राजधानी स्थित शब्दघोष कार्यालय पहुंचे।वहां पर तेली समाज के वरिष्ठ नेता एवं प्रख्यात पत्रकार मोहनलाल मोदी से सौजन्य भेंट की।
इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश के प्रवक्ता संतोष राज भोपाल, प्रांतीय प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि साहू मध्यप्रदेश और प्रांतीय महामंत्री भोलानाथ साहू सिंगरौली विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर रवि करण साहू ने श्री मोदी से इस महत्वपूर्ण यात्रा में अपना सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की तथा मार्गदर्शन का अनुरोध भी किया । यात्रा के वृतांत, लक्ष्य और हेतु से उन्हें अवगत कराया। श्री मोदी ने भी उपस्थित अतिथियों का हृदय से अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम के सफल होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सामाजिक एकता में उठाए गए प्रत्येक कदम को जन जन का सहयोग मिलना सुनिश्चित है। भले ही तेली समाज विभिन्न संगठनों में बंटा हुआ दिखाई देता है। किंतु जब सभी के हित की बात आती है तो फिर संगठन गौण हो जाते हैं और समाज सबसे ऊपर दिखाई देता है। अतः कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजकों व नेताओं को समाज के प्रत्येक व्यक्ति का विश्वास जीतना ही होगा। श्री मोदी ने समाज हित में हर संभव प्रयास करने एवं सभी प्रकार की संभावनाओं को टटोलने का आश्वासन आगंतुक अतिथियों को दिया।