वधु - वर फॉर्म

विवेक बंटी साहू के नेतृत्व में एकजुट हुआ तेली समाज, रीवा में मेधावी विद्यार्थियों का भव्य सम्मान

15 June 2026 Rathod Teli Sahu Samaj 159 views

राजनीतिक उपेक्षा को लेकर जताई नाराजगी

     रीवा। राष्ट्रीय तेली पिछड़ा वैश्य महासभा (ट्रस्ट) के तत्वावधान में रीवा के न्यू बस स्टैंड स्थित श्री साईं गार्डन में वर्ष 2026 के मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग, छात्र-छात्राएं, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण नव निर्वाचित सांसद एवं साहू समाज के युवा चेहरे श्री विवेक बंटी साहू की उपस्थिति रही, जिनका समाज के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

Teli Community Unites Under Vivek Bunty Sahu Grand Felicitation of Meritorious Students Held in Rewa      कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं दूसरी ओर, मंच से तेली समाज की राजनीतिक उपेक्षा का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया, जिससे समारोह सामाजिक चेतना और राजनीतिक विमर्श का केंद्र बन गया।

     राष्ट्रीय मुख्य सलाहकार श्री पुरुषोत्तम गुप्ता ने अपने संबोधन में मध्यप्रदेश की राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लगभग 50 लाख की आबादी वाला तेली समाज हमेशा से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत और समर्पित समर्थक रहा है। समाज ने हर चुनाव में पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है, लेकिन इसके बावजूद वर्तमान मंत्रिमंडल में समाज के एक भी प्रतिनिधि को मंत्री पद न मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और समाज की भावनाओं के साथ अन्याय है।

     उन्होंने कहा कि इस उपेक्षा से समाज के लोगों में गहरी निराशा और आक्रोश व्याप्त है। श्री गुप्ता ने विशेष रूप से छिंदवाड़ा लोकसभा सीट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सीट लंबे समय तक भाजपा के लिए चुनौती बनी रही, लेकिन समाज के जुझारू नेता श्री विवेक बंटी साहू ने अपने अथक परिश्रम और जनसमर्थन के बल पर इस प्रतिष्ठित सीट को जीतकर भाजपा की झोली में डाल दिया। यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि इतिहास में दर्ज होने वाली उपलब्धि है।

     उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कर्मठ और लोकप्रिय नेता को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व से मांग करते हुए कहा कि यदि समाज की इस नाराजगी को समय रहते दूर नहीं किया गया, तो विपक्षी दल इसका राजनीतिक लाभ उठा सकते हैं, जिसका खामियाजा आगामी चुनावों में सत्ताधारी दल को भुगतना पड़ सकता है।

     श्री पुरुषोत्तम गुप्ता ने तेलघानी बोर्ड को समाप्त किए जाने पर भी गहरा दुख व्यक्त किया और इसे समाज के हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि समाज की आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति के लिए ऐसे संस्थानों का संरक्षण और विस्तार किया जाना आवश्यक है।

     पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा एवं तेलघानी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री रविकरण साहू ने अपने संबोधन में संगठन को गांव-गांव और ब्लॉक स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने देशभर के समाजजनों से प्रत्येक माह की 11 तारीख को माँ कर्मा की महाआरती आयोजित करने का आह्वान किया, ताकि समाज में सांस्कृतिक एकता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा मिल सके।

     मुख्य अतिथि सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने कहा कि उनका लक्ष्य मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों में समाज को संगठित करना और युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकता में निहित है और वे वरिष्ठ नेताओं श्री रविकरण साहू तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रामनिवास शाह (शहवाल) के मार्गदर्शन में समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा देने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे।

     राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रामनिवास शहवाल ने अपने उद्बोधन में घोषणा की कि सेवानिवृत्ति के बाद वे आगामी सितंबर माह से पूरे देश का व्यापक दौरा करेंगे और समाज को एकजुट करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। उन्होंने रीवा संभाग में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं से भी सामाजिक नेतृत्व में आगे आने की अपील की।

     सम्मान समारोह के दौरान वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के कुल 118 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में कु. सुप्रिया साहू ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर समाज का गौरव बढ़ाया, जबकि कक्षा 12वीं में करन साहू ने 96 प्रतिशत अंक अर्जित कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया।

     इस अवसर पर सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के ये मेधावी बच्चे ही कल समाज और देश के भविष्य का निर्माण करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी अपनाने की अपील की।

     जिला अध्यक्ष श्री सुनील साहू ने बताया कि सम्मान समारोह के साथ-साथ विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं करियर निर्माण के लिए विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया, जिससे उन्हें अपने भविष्य की दिशा तय करने में सहायता मिल सके।

     कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री महेश साहू (पप्पू) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा प्रदेश अध्यक्ष श्री मनीष साहू (एडवोकेट), प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुधीर साहू तथा श्री प्रकाश साहू (गुड्डा) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री रोहित साहू ने किया, जबकि डॉ. शेरेन्द्र साहू का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

     इस अवसर पर डी.के. साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विश्वनाथ साहू, राजेश साहू, संतोष साहू, राहुल साहू, सनिल साहू, ऋतुराज साहू, किशन साहू, त्रिभुवन साहू, शत्रुध्न साहू, रामसेवक साहू, रमेश साहू, वीरन साहू, निहाल साहू, आंसू साहू, ऋतिक साहू, अनूप साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।

     कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष श्री सुनील साहू ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया और समाज की एकता एवं प्रगति के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।

शेयर करा:

📺 संबंधित व्हिडिओ:

▶️
Click to load video
YouTube Thumbnail

Delhi Sahu Rathore samaj yuvak yuvati parichay sammelan & pratibha samman samaroh